जलवायु परिवर्तन और फल फटने की समस्या से निपटने के गुर सीखेंगे किसान, लीची अनुसंधान केंद्र में प्रशिक्षण शुरू

मुजफ्फरपुर स्थित राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र में बामेती, पटना के प्रायोजन से तीन दिवसीय लीची बाग प्रबंधन प्रशिक्षण शुरू हुआ। बिहार के नौ जिलों के अधिकारी एवं प्रगतिशील किसान वैज्ञानिक बाग प्रबंधन की तकनीकें सीख रहे हैं।

KJ Staff
19 November 2026, 05:41 PM
जलवायु परिवर्तन और फल फटने की समस्या से निपटने के गुर सीखेंगे किसान, लीची अनुसंधान केंद्र में प्रशिक्षण शुरू
जलवायु परिवर्तन और फल फटने की समस्या से निपटने के गुर सीखेंगे किसान, लीची अनुसंधान केंद्र में प्रशिक्षण शुरू

लीची की उत्पादकता एवं फलों की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ किसानों को वैज्ञानिक बाग प्रबंधन की तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से भाकृअनुप-राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। “लीची बाग प्रबंधन” विषय पर आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र द्वारा किया जा रहा है, जबकि बिहार कृषि प्रबंधन एवं प्रसार प्रशिक्षण संस्थान (बामेती), पटना इसके प्रायोजक हैं।

कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए केंद्र के निदेशक डॉ. बिकाश दास ने कहा कि लीची से गुणवत्तापूर्ण एवं अधिक उत्पादन प्राप्त करने के लिए बागों का वैज्ञानिक प्रबंधन बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लीची उत्पादकों को जलवायु परिवर्तन, अनियमित मौसम, कीट एवं रोगों का प्रकोप, पोषक तत्वों की कमी, फलों के फटने तथा तुड़ाई के बाद होने वाले नुकसान जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इन समस्याओं से निपटने के लिए किसानों को समयानुसार वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाना होगा।

उन्होंने बताया कि लीची के बागों में नियमित छंटाई, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, उचित सिंचाई, कीट एवं रोगों का समेकित प्रबंधन तथा वैज्ञानिक तरीके से फलों की तुड़ाई और रखरखाव अपनाकर उत्पादन एवं गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से अपील की कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी जानकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में किसानों तक पहुंचाएं, ताकि लीची उत्पादन को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सके।

नौ जिलों के अधिकारी और प्रगतिशील किसान ले रहे प्रशिक्षण

इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिहार के प्रमुख लीची उत्पादक जिलों मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, सारण एवं दरभंगा से प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, सहायक तकनीकी प्रबंधक और प्रगतिशील किसान शामिल हुए हैं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को लीची बागों के बेहतर प्रबंधन और उत्पादन संबंधी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

सिंचाई, उर्वरक और कीट प्रबंधन को लेकर किसानों ने रखीं समस्याएं

प्रशिक्षण में शामिल किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि लीची के बागों में समय पर सिंचाई, उर्वरक प्रबंधन, फल एवं पत्तियों से संबंधित समस्याओं तथा कीट-व्याधियों के नियंत्रण को लेकर उन्हें कई व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। किसानों ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों से वैज्ञानिकों के साथ सीधे संवाद करने और नई तकनीकों को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त वैज्ञानिक जानकारियों को अपनाकर वे अपने बागों की उत्पादकता एवं फलों की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ खेती की लागत कम करने में भी सफल होंगे।

कार्यक्रम के दौरान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अभय कुमार, डॉ. सुनील कुमार, श्री प्रभात कुमार, डॉ. अंकित कुमार, सुश्री इपसिता सामल, डॉ. समशेर सिंह, डॉ. शुभालक्ष्मी पालेई, श्याम पंडित एवं चमन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share your comments

Link copied to clipboard!