'खेत बचाओ अभियान' को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए पटना में हुआ भव्य आयोजन

पटना में ‘खेत बचाओ अभियान’ को जन-आंदोलन बनाने पर जोर दिया गया। बिहार सरकार ने मृदा संरक्षण, प्राकृतिक खेती, जागरूकता और 16 लाख किसानों तक पहुँचने का लक्ष्य रखा।

KJ Staff
01 November 2026, 12:00 PM
पटना में खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों से संवाद करते कृषि मंत्री।
पटना में खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों से संवाद करते कृषि मंत्री।
- 'खेत बचाओ, जीवन बचाओ' के संकल्प के साथ बिहार में तेज हो रहा खेतों के संरक्षण का अभियान
- खेत बचाओ, जीवन बचाओ के संकल्प के साथ मिट्टी की उर्वरता बचाने के लिए जनभागीदारी पर जोर
- "खेत बचेंगे, तभी जीवन बचेगा; मिट्टी बचेगी, तभी किसान समृद्ध होंगे" : विजय कुमार सिन्हा
- "किसान समृद्धि, महिला उद्यमी, युवा रोजगार, श्रमिक उत्थान" : विजय कुमार सिन्हा
'खेत बचाओ, जीवन बचाओ' के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से राजधानी पटना के ज्ञान भवन में 'खेत बचाओ अभियान' का भव्य आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार एवं लघु जल संसाधन विभाग के मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल ने की।
कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने 'खेत बचाओ अभियान -सह- कृषि जन कल्याण संवाद कार्यक्रम' के माध्यम से किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। साथ ही, उन्होंने विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन और किसानों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से पहुँचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी विजन के अनुरूप 'खेत बचाओ अभियान' का मुख्य लक्ष्य खेतों की उर्वरता और मिट्टी के प्राकृतिक स्वास्थ्य का संरक्षण करते हुए कृषि को टिकाऊ, लाभकारी एवं पर्यावरण अनुकूल बनाना है। उन्होंने रेखांकित किया कि इस अभियान के जरिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने तथा मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए किसानों को निरंतर जागरूक और प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे खेती की लागत कम होगी, उत्पादन की गुणवत्ता बेहतर बनेगी और किसान समृद्धि व आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि खेत सुरक्षित रहेंगे, तभी खेती टिकाऊ बनेगी और किसानों की समृद्धि सुनिश्चित होगी।
बीज और खाद व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए श्री सिन्हा ने कहा कि बीजों की गुणवत्ता और किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बीज वितरण एवं आपूर्ति में किसी भी स्तर पर अनियमितता, लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित होगी। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें पूरी जवाबदेही तय की जाएगी। इसके अतिरिक्त, किसानों को उचित और निर्धारित मूल्य पर निर्बाध उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की पहली प्राथमिकता है; खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली और वितरण में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त नजर रखी जा रही है।

 

अभियान के विस्तार पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि बिहार में इस अभियान का शुभारंभ मुजफ्फरपुर से किया गया था, जिसके माध्यम से राज्यभर में खेतों व मिट्टी के संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य में सुधार और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाई गई। 

श्री सिन्हा ने आगे जानकारी दी कि भारत सरकार के आह्वान पर 22 अक्टूबर से देशव्यापी 'खेत बचाओ अभियान' का शुभारंभ हुआ है। बिहार में इसे जनभागीदारी के दम पर गाँव-गाँव तक पहुँचाया जा रहा है। आज पटना की ऐतिहासिक धरती से इस अभियान को और गति देने तथा किसानों को जागरूक करने का संकल्प लिया गया है। यह अभियान आगामी 30 नवंबर 2026 तक संचालित रहेगा।

भावी पीढ़ी को जोड़ने की पहल का उल्लेख करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि मिट्टी का स्वस्थ रहना हमारी कृषि, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। इसके संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक बनाने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार के सभी 38 जिलों के 629 पीएम श्री एवं राजकीय विद्यालयों में 'मिनी मिट्टी जाँच प्रयोगशालाएँ' स्थापित की जाएँगी। इससे छात्र-छात्राएं वैज्ञानिक पद्धति से मृदा स्वास्थ्य को समझकर इसके संरक्षण में अपनी भूमिका निभा सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस दिशा में पहले ही 160 पीएम श्री उच्च विद्यालयों में प्रयोगशालाएं सफलतापूर्वक स्थापित की जा चुकी हैं।

अभियान की अब तक की उपलब्धियों को साझा करते हुए श्री सिन्हा ने बताया कि अभियान की सफलता किसानों की सक्रिय भागीदारी पर टिकी है। शारदीय (खरीफ) मौसम के दौरान पूरे बिहार में 7,275 किसान बैठकों का आयोजन हुआ, जिनमें 6,19,436 किसानों ने भाग लिया। इनमें 2,12,610 महिला किसानों की भागीदारी रही, जो खेतों के संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

आगामी योजना साझा करते हुए कृषि मंत्री ने घोषणा की कि वासंतिक (रबी) मौसम 2026-27 में इस अभियान को राज्य के सभी 534 प्रखंडों तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक प्रखंड की न्यूनतम दो पंचायतों में विशेष किसान जागरूकता शिविर लगाए जाएँगे। विभाग का लक्ष्य इस अभियान के माध्यम से 15 से 16 लाख किसानों तक सीधी पहुँच बनाकर उन्हें मृदा स्वास्थ्य, खेतों की उर्वरता और टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ना है, ताकि खेत संरक्षण का यह प्रयास एक विराट जन-आंदोलन का रूप ले सके।

Share your comments

Link copied to clipboard!