राष्ट्रीय पटल पर चमका बिहार का मगही पान: नवादा की समिति को मिला प्रतिष्ठित 'प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड'
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव ने नई दिल्ली में नवादा के किसानों को किया सम्मानित; बिहार कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों और पान उत्पादकों की जुगलबंदी ने देश में बढ़ाया मान।
बिहार की पारंपरिक कृषि विरासत और विशिष्ट पहचान वाले मगही पान के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई है। नवादा जिले के हिसुआ प्रखंड अंतर्गत ढेवरी स्थित 'मगही पान उत्पादक कल्याण समिति' को भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत 'पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण' (PPV&FRA) द्वारा प्रतिष्ठित ‘प्लांट जीनोम सेवियर कम्युनिटी अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार मगही पान की पारंपरिक किस्मों को सहेजने और किसानों के पीढ़ियों पुराने ज्ञान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए दिया गया है।
नई दिल्ली स्थित नेशनल एग्रीकल्चरल साइंस कॉम्प्लेक्स (NASC) के भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम ऑडिटोरियम में आयोजित प्राधिकरण के 22वें स्थापना दिवस पर यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नवादा के किसानों और बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU), सबौर के प्रतिनिधियों को सौंपा। इस अवसर पर कृषि सचिव अतिश चंद्रा, ICAR के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट और राष्ट्रीय जैव विविधता प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र आर. तिवारी समेत देश के कई दिग्गज कृषि वैज्ञानिक उपस्थित रहे।
पुरस्कार ग्रहण करने के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह, निदेशक अनुसंधान डॉ. ए. के. सिंह और मगही पान उत्पादक कल्याण समिति के सदस्य संयुक्त रूप से मंच पर मौजूद रहे। यह सम्मान उस सामूहिक प्रयास की जीत है, जिसमें किसानों के पारंपरिक अनुभव को वैज्ञानिकों के अनुसंधान के साथ जोड़ा गया। मगही पान को पहले ही भौगोलिक संकेतक (GI Tag) मिल चुका है, और अब इस पुरस्कार ने इसकी वैश्विक प्रतिष्ठा में चार चांद लगा दिए हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने कहा, "यह सम्मान बिहार के किसानों की मेहनत और जैव विविधता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का फल है। मगही पान जैसी विशिष्ट कृषि विरासत को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से जोड़कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। विश्वविद्यालय पारंपरिक फसलों के उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। यह उपलब्धि अन्य किसान समूहों को भी अपनी स्थानीय कृषि संपदा के संरक्षण के लिए प्रेरित करेगी।"
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के वैज्ञानिकों, विशेषकर पान अनुसंधान केंद्र, इस्लामपुर की टीम ने मगही पान की गुणवत्ता और इसके वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वैज्ञानिकों के तकनीकी मार्गदर्शन और किसानों के पारंपरिक ज्ञान के इस समन्वय ने न केवल फसल को संरक्षित किया है, बल्कि पान उत्पादकों के लिए आजीविका के नए द्वार भी खोले हैं। यह राष्ट्रीय सम्मान मगही पान की खेती को नई ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ बिहार की गौरवशाली कृषि परंपरा को विश्व मानचित्र पर और अधिक मजबूत करेगा।