बिहार: 'लेडी रोसेटा' आलू योजना की निविदा निरस्त, अनियमितता में शामिल दोषी अफसरों पर गिरेगी गाज

पारदर्शिता से समझौता पड़ा भारी: मंत्री विजय सिन्हा ने अनियमितताओं की पुष्टि के बाद रद्द की निविदा; अब गाज गिरेगी जिम्मेदार अधिकारियों पर, पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

KJ Staff
11 November 2026, 05:14 PM
बिहार: 'लेडी रोसेटा' आलू योजना की निविदा निरस्त, अनियमितता में शामिल दोषी अफसरों पर गिरेगी गाज
बिहार: 'लेडी रोसेटा' आलू योजना की निविदा निरस्त, अनियमितता में शामिल दोषी अफसरों पर गिरेगी गाज (AI Generated Image)

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में कृषि योजनाओं की पारदर्शिता और किसानों के हितों की रक्षा के लिए एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आलू के प्रसंस्करण हेतु उपयुक्त प्रभेद ‘लेडी रोसेटा’ के क्षेत्र विस्तार योजना से संबंधित निविदा को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। यह कार्रवाई निविदा प्रक्रिया में पाई गई गंभीर अनियमितताओं और नियमों की अनदेखी के चलते की गई है।

मामले की गहराई से जांच के लिए विभाग द्वारा 7 नवंबर, 2026 को चार सदस्यीय संयुक्त जाँच दल का गठन किया गया था। इस दल ने 10 नवंबर, 2026 को अपनी विस्तृत जाँच रिपोर्ट सौंपी, जिसमें निविदा निष्पादन की प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई। इस प्रतिवेदन के आधार पर विभाग ने न केवल वर्तमान निविदा को रद्द करने का निर्णय लिया, बल्कि इसमें शामिल दोषी पदाधिकारियों के विरुद्ध 'बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005' के तहत कठोर अनुशासनिक कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं।

विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों और योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या शुचिता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मंत्री ने आगे कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र किसानों तक पहुँचाना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी पदाधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि शासन की जवाबदेही और शुचिता बनी रहे।

Share your comments

Link copied to clipboard!