सबौर में 1800 वर्ग मीटर में खिली ‘छठ वाटिका’: परंपरा और विज्ञान के मेल से बढ़ेगी किसानों की आय

बिहार कृषि विश्वविद्यालय की इस अभिनव पहल में छठ महापर्व के 11 प्रमुख उत्पादों की होगी वैज्ञानिक खेती; जानिए कैसे यह मॉडल बनेगा ग्रामीण स्वरोजगार का नया आधार।

KJ Staff
12 November 2026, 06:11 PM
सबौर में 1800 वर्ग मीटर में खिली ‘छठ वाटिका’: परंपरा और विज्ञान के मेल से बढ़ेगी किसानों की आय
सबौर में 1800 वर्ग मीटर में खिली ‘छठ वाटिका’: परंपरा और विज्ञान के मेल से बढ़ेगी किसानों की आय

लोक आस्था के महापर्व छठ की सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता अब बिहार के खेतों में समृद्धि का नया मार्ग प्रशस्त करेगी। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर ने उद्यान परिसर में लगभग 1,800 वर्ग मीटर के विस्तृत क्षेत्र में एक अनूठी ‘छठ वाटिका’ की स्थापना की है। यह पहल न केवल बिहार की समृद्ध परंपराओं को सहेजेगी, बल्कि फसल विविवधीकरण और किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में एक जीवंत मॉडल के रूप में कार्य करेगी।

इस विशेष वाटिका में छठ पूजा के दौरान अर्घ्य और प्रसाद में उपयोग होने वाली 11 प्रमुख फसलों को एक ही स्थान पर वैज्ञानिक पद्धति से उगाया गया है। इनमें टाभा (गागर) नींबू, हल्दी, अदरक, शकरकंद, मूली, अमरूद, केला, नारियल, कागजी नींबू, ईख (गन्ना) और पानी फल (सिंघाड़ा) शामिल हैं। विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य इन पारंपरिक फसलों के वैज्ञानिक उत्पादन को बढ़ावा देना है, ताकि किसान स्थानीय बाजारों में इनकी भारी मांग का व्यावसायिक लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सकें।

विश्वविद्यालय के कुलपति ने 10 नवंबर, 2026 को इस 'छठ वाटिका' का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर कुलपति ने इस प्रोजेक्ट को ‘परंपरा के साथ कृषि नवाचार’ का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह मॉडल न केवल ग्रामीण युवाओं और उद्यमियों के लिए स्वरोजगार के नए द्वार खोलेगा, बल्कि किसानों को बाजारोन्मुखी खेती की ओर प्रेरित भी करेगा। इस पहल से स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और पारंपरिक कृषि उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

इस गौरवशाली अवसर पर बीएयू सबौर के अधिष्ठाता (कृषि), निदेशक प्रशासन, निदेशक छात्र कल्याण, उद्यान विभाग के अध्यक्ष और कई वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक उपस्थित रहे। यह वाटिका भविष्य में कृषि छात्रों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण केंद्र और राज्य के किसानों के लिए एक मार्गदर्शक इकाई के रूप में कार्य करेगी। इसके माध्यम से छठ महापर्व से जुड़ी फसलों की उन्नत पौध प्रबंधन तकनीकों और व्यावसायिक उत्पादन के गुर सिखाए जाएंगे, जिससे बिहार की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को एक नई दिशा मिलेगी।

Share your comments

Link copied to clipboard!