ग्रामीण अर्थव्यवस्था में जान फूंकेगी सहकारिता बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में विशेषज्ञों ने दिया 'समृद्धि' का मंत्र

गांवों से शहरों की ओर होते पलायन पर लगाम और आत्मनिर्भर भारत के लिए 'सहकार' ही एकमात्र विकल्प; विशेषज्ञों ने बताया कैसे डेयरी और पशुपालन क्षेत्र में छिपी हैं अपार व्यावसायिक संभावनाएं।

KJ Staff
04 November 2026, 08:00 AM
ग्रामीण अर्थव्यवस्था में जान फूंकेगी सहकारिता बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में विशेषज्ञों ने दिया 'समृद्धि' का मंत्र
ग्रामीण अर्थव्यवस्था में जान फूंकेगी सहकारिता बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में विशेषज्ञों ने दिया 'समृद्धि' का मंत्र

बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (बीएएसयू) में सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलने और व्यावसायिक उन्नति के नए द्वार खोलने पर गहन मंथन हुआ। गुजरात के आणंद स्थित त्रिभुवन सहकारी विश्वविद्यालय (टीएसयू) के सहयोग से आयोजित इस विशेष संगोष्ठी में देश के दिग्गज विशेषज्ञों ने "सहकार से समृद्धि" के विजन को धरातल पर उतारने की रणनीति साझा की। संगोष्ठी का मुख्य विषय सहकारिता क्षेत्र में नीतिगत सहायक प्रावधानों और भविष्य के अवसरों पर केंद्रित रहा।

मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत कर रहे टीएसयू, आणंद के कुलपति प्रो. डॉ. एस. पी. सिंह ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताया। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रोजगार की तलाश में गांवों से शहरों की ओर बढ़ता पलायन ग्रामीण तंत्र को कमजोर कर रहा है। कृषि, डेयरी और पशुपालन के साथ सहकारी उद्यमों को जोड़कर इस खाई को भरा जा सकता है। प्रो. सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए नई पीढ़ी को स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय विनिर्माण और नवाचार को अपनाना होगा, ताकि विदेशी तकनीकों पर निर्भरता कम हो सके।

बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. इंद्रजीत सिंह ने अपने संबोधन में सहकारिता के सिद्धांतों को व्यवसाय की सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि सहकारिता न केवल सामूहिक सौदेबाजी की क्षमता बढ़ाती है, बल्कि टीमवर्क की भावना को भी सशक्त करती है। उनके अनुसार, आपसी सहयोग और सामूहिक निर्णय लेने की प्रक्रिया ही किसी भी उद्यम को समावेशी और दीर्घकालिक बना सकती है। उन्होंने छात्रों से पशुपालन और डेयरी के क्षेत्र में स्टार्टअप्स और सहकारी मॉडल विकसित करने का आह्वान किया।

संगोष्ठी में राष्ट्रीय सहकारिता नीति 2025 के रोडमैप पर भी विस्तार से चर्चा हुई। टीएसयू के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सत्येंद्र पांडेय ने डिजिटलाइजेशन, आधुनिक तकनीक, संस्थागत सुधार और युवा नेतृत्व जैसे छह प्रमुख स्तंभों पर प्रस्तुति दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सहकारिता का उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ नहीं, बल्कि सामाजिक हितों की रक्षा करना भी है। इस दौरान छात्रों को व्यावहारिक अनुभव के लिए सहकारी संस्थानों में इंटर्नशिप और भ्रमण के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

इससे पूर्व, कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए डेयरी टेक्नोलॉजी संस्थान के डीन डॉ. राकेश कुमार ने दुग्ध प्रसंस्करण और स्वच्छता के मानकों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में बिहार वेटरनरी कॉलेज के डीन डॉ. पल्लव शेखर ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, डॉ. पंकज कुमार सिंह, डॉ. निर्मल सिंह दहिया सहित किशनगंज स्थित मत्स्य एवं पशु चिकित्सा महाविद्यालयों के विशेषज्ञ भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े रहे।

Share your comments

Link copied to clipboard!