आम के बागों पर लीफ वेबर कीट का बढ़ता खतरा, पत्तियों को जाल में लपेटकर चट कर रही सूंडियां; 60% तक घट सकता है उत्पादन

वैज्ञानिक सलाह: समय पर पहचान, जालेयुक्त टहनियों की कटाई और समेकित कीट प्रबंधन अपनाकर बचाएं आम के बाग

KJ Staff
18 November 2026, 08:00 AM
Growing threat of leaf webber pests in mango orchards
आम के बागों पर लीफ वेबर कीट का बढ़ता खतरा, पत्तियों को जाल में लपेटकर चट कर रही सूंडियां; 60% तक घट सकता है उत्पादन

आम को फलों का राजा कहा जाता है, लेकिन बदलते जलवायु परिदृश्य में आम के बागानों पर कीटों का बढ़ता प्रकोप बागवानों के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। अनियमित मानसून, तापमान में उतार-चढ़ाव और बागों में उचित प्रबंधन के अभाव के बीच आम की पत्तियों पर जाला बनाने वाले लीफ वेबर कीट का प्रकोप गंभीर चुनौती बन रहा है। इस कीट के कारण पेड़ों की पत्तियां नष्ट हो रही हैं, प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और इसका सीधा असर आगामी मौसम में मंजर एवं फल उत्पादन पर पड़ सकता है। प्रभावित क्षेत्रों में पर्णसंख्या, प्रकाश संश्लेषण क्षमता और फल उत्पादन में 25 से 60 प्रतिशत तक गिरावट की बात सामने आई है।

इस संबंध में प्रोफेसर (डॉ.) एस.के. सिंह, पोस्ट ग्रेजुएट डिपार्टमेंट ऑफ प्लांट पैथोलॉजी एवं नेमेटोलॉजी तथा डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर के पूर्व सह निदेशक अनुसंधान ने आम उत्पादक किसानों को वैज्ञानिक कीट प्रबंधन अपनाने की सलाह दी है। उनके अनुसार, समय रहते कीट की पहचान और समेकित कीट प्रबंधन (IPM) के उपाय अपनाकर आम के बागों को बड़े नुकसान से बचाया जा सकता है।

पत्तियों को जाल में लपेटकर नुकसान पहुंचाता है कीट

आम की पत्तियों पर जाला बनाने वाले इस कीट को मैंगो लीफ वेबर (Mango Leaf Webber) कहा जाता है। इसका वैज्ञानिक नाम Orthaga euadrusalis है। कुछ क्षेत्रों में Orthaga exvinacea भी इसके नाम के रूप में उल्लेखित है। पहले इसे गौण कीट माना जाता था, लेकिन अब कई आम उत्पादक क्षेत्रों में इसका प्रकोप गंभीर रूप ले रहा है।

इसकी सक्रियता मुख्य रूप से जुलाई से दिसंबर के बीच अधिक रहती है। वहीं, मई-जुलाई और सितंबर-अक्टूबर में नई कोमल पत्तियों के निकलने के दौरान इसका प्रकोप विशेष रूप से दिखाई देता है। घने, छायादार और बिना छंटाई वाले पुराने बाग इसके पनपने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करते हैं।

कैसे पहचानें लीफ वेबर का प्रकोप?

इस कीट की मादा पतंगा नई और मुलायम पत्तियों की निचली सतह पर हल्के हरे-पीले रंग के अंडे देती है। अंडों से निकलने वाली छोटी सूंडियां शुरुआत में पत्तियों की ऊपरी हरी सतह को खुरचकर खाती हैं, जिससे पत्तियों पर पारदर्शी धब्बे दिखाई देने लगते हैं।

इसके बाद सूंडियां रेशमी धागों से आसपास की कई पत्तियों और टहनियों को आपस में जोड़कर जाला बना लेती हैं। इसी जाले के अंदर रहकर वे सामूहिक रूप से पत्तियों को नुकसान पहुंचाती हैं। गंभीर प्रकोप में पत्तियों का हरा हिस्सा पूरी तरह समाप्त हो जाता है और केवल मध्य शिरा एवं मोटी नसें बचती हैं। ऐसे पेड़ दूर से झुलसे या आग से जले हुए दिखाई देते हैं।

पत्तियों के नुकसान से अगले सीजन के मंजर पर भी असर

डॉ. सिंह के अनुसार, लीफ वेबर का नुकसान केवल वर्तमान पत्तियों तक सीमित नहीं रहता। पत्तियों के नष्ट होने से पेड़ों की प्रकाश संश्लेषण क्षमता प्रभावित होती है और भोजन निर्माण की प्रक्रिया बाधित होती है। इससे पेड़ों में कार्बोहाइड्रेट का संचय कम हो सकता है, जिसका असर अगले मौसम में मंजर आने और फल लगने पर पड़ता है। इसके अलावा जाले के भीतर नमी और कीटों के मल-मूत्र के जमा होने से सूटी मोल्ड एवं एन्थ्रेक्नोज जैसे फफूंदजनित रोगों का खतरा भी बढ़ सकता है।

जालेयुक्त टहनियों को काटकर नष्ट करना जरूरी

कीट नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक ने सबसे पहले बागों की नियमित निगरानी और साफ-सफाई पर जोर दिया है। मानसून के आगमन से दिसंबर तक प्रत्येक 10 से 15 दिनों पर बाग का निरीक्षण करना चाहिए। बड़े बागानों में ड्रोन इमेजिंग और AI आधारित मोबाइल ऐप की मदद से प्रभावित पेड़ों की पहचान भी की जा सकती है।

प्रारंभिक अवस्था में ही जालेयुक्त टहनियों को लंबी कैंची या लीफ वेबर हुक से काटकर इकट्ठा करना चाहिए। इसके बाद उन्हें गड्ढे में दबाकर या जलाकर नष्ट कर देना चाहिए, ताकि कीट का जीवनचक्र वहीं समाप्त हो सके।

इसके साथ ही फल तुड़ाई के बाद जुलाई-अगस्त में पेड़ों की अनावश्यक एवं आपस में उलझी शाखाओं की वैज्ञानिक छंटाई करनी चाहिए। इससे बाग में सूर्य का प्रकाश और हवा का संचार बेहतर होता है। दिसंबर-जनवरी में हल्की गहरी जुताई करने से मिट्टी में सुप्तावस्था में मौजूद प्यूपा सतह पर आ सकते हैं, जिन्हें पक्षी खा लेते हैं या धूप से नष्ट होने की संभावना रहती है।

जैविक उपायों से भी किया जा सकता है नियंत्रण

वैज्ञानिक ने रासायनिक कीटनाशकों पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय जैविक एवं पर्यावरण अनुकूल उपायों को भी अपनाने की सलाह दी है। उनके अनुसार, सूंडियों की शुरुआती अवस्था में Bacillus thuringiensis var. kurstaki (Bt) का 2 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से छिड़काव किया जा सकता है। वहीं, Beauveria bassiana का 5 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से प्रयोग भी प्रभावी बताया गया है।

नीम आधारित अज़ादिरेक्टिन (1 प्रतिशत या 1500 ppm) का 3-4 मिली प्रति लीटर पानी की दर से छिड़काव करने से कीटों की भोजन करने की प्रवृत्ति कम करने में मदद मिलती है।

इसके अलावा बागों में परजीवी ततैया, लेडीबर्ड बीटल और क्राइसोपर्ला जैसे मित्र कीटों का संरक्षण करना चाहिए। बाग की मेड़ों पर गेंदा, तुलसी और अन्य फूल वाले पौधे लगाने से प्राकृतिक शत्रुओं को बढ़ावा मिल सकता है। वयस्क पतंगों को आकर्षित कर नष्ट करने के लिए प्रति हेक्टेयर 1-2 सोलर लाइट ट्रैप लगाने की भी सलाह दी गई है।

गंभीर प्रकोप में ही करें रासायनिक कीटनाशकों का इस्तेमाल

डॉ. सिंह के अनुसार, जब कीट का प्रकोप आर्थिक क्षति स्तर (ETL) यानी प्रति पेड़ पांच से अधिक जाले तक पहुंच जाए, तभी अनुशंसित रासायनिक कीटनाशकों का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने निम्नलिखित विकल्पों का उल्लेख किया है।

  • एमामेक्टिन बेंजोएट 5% SG : 0.4 ग्राम प्रति लीटर पानी।

  • स्पिनोसैड 45% SC : 0.3-0.4 मिली प्रति लीटर पानी।

  • इंडोक्साकार्ब 14.5% SC : 1-1.5 मिली प्रति लीटर पानी।

  • क्लोरेंट्रानिलिप्रोल 18.5% SC : 0.3 मिली प्रति लीटर पानी।

  • लैम्ब्डा साइहलोथ्रिन 5% EC : 1.5-2 मिली प्रति लीटर पानी।

छिड़काव के दौरान जाले के भीतर दवा पहुंचाने के लिए सिलिकॉन आधारित स्टिकर या स्प्रेडर 0.5 मिली प्रति लीटर पानी की दर से मिलाने और उचित दबाव वाले पावर स्प्रेयर का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। कीटों में प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने से रोकने के लिए एक ही रसायन का बार-बार इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। अलग-अलग कार्यप्रणाली वाले रसायनों का रोटेशन करना जरूरी है। छिड़काव शाम के समय करने की सलाह दी गई है, क्योंकि इस समय मधुमक्खियों पर प्रभाव का जोखिम कम रखने के साथ रात में सक्रिय होने वाली सूंडियों को लक्षित किया जा सकता है।

संतुलित पोषण से मजबूत होंगे आम के पेड़

कीट प्रबंधन के साथ बागों के समग्र स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी जरूरी है। अत्यधिक नाइट्रोजन या यूरिया के इस्तेमाल से बचना चाहिए, क्योंकि इससे अधिक कोमल पत्तियां निकलती हैं, जो कीटों को आकर्षित कर सकती हैं। इसके स्थान पर पोटाश, कैल्शियम, जिंक और बोरॉन जैसे पोषक तत्वों का संतुलित उपयोग करना चाहिए।

मिट्टी में जीवामृत, ट्राइकोडर्मा समृद्ध गोबर की खाद और जैव उर्वरकों का इस्तेमाल तथा मल्चिंग अपनाने से मिट्टी की गुणवत्ता और सूक्ष्मजीव पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने में मदद मिलती है।

वैज्ञानिक प्रबंधन से सुरक्षित रहेगी आम की खुशहाली

डॉ. एस.के. सिंह का कहना है कि आम के बागों में लीफ वेबर कीट का बढ़ता प्रकोप निश्चित रूप से चुनौती है, लेकिन समय पर पहचान, नियमित निगरानी, जालेयुक्त टहनियों को नष्ट करने, वैज्ञानिक छंटाई और जैविक नियंत्रण के उपायों से इसे प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है। किसानों को केवल रासायनिक छिड़काव पर निर्भर रहने के बजाय समेकित कीट प्रबंधन की रणनीति अपनानी चाहिए।

इससे पेड़ों का हरित आवरण सुरक्षित रखने, प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया बनाए रखने, आगामी सीजन में बेहतर मंजर एवं फल उत्पादन प्राप्त करने और खेती की लागत कम करने में मदद मिल सकती है। स्वस्थ आम के बाग ही बागवानों की खुशहाली और फलों के राजा की मिठास को बरकरार रख सकते हैं।

This report/article/press release is prepared with inputs from Dr. S.K. Singh (RPCAU). Bihar Krishi Jagran holds no responsibility for its content.

Share your comments

Link copied to clipboard!