आम की पत्तियों का झुलसना सिर्फ बीमारी नहीं, मिट्टी की बिगड़ती सेहत का संकेत! लवणता बढ़ने से बागवानों की बढ़ सकती है परेशानी

वैज्ञानिक की सलाह: अंधाधुंध फफूंदनाशकों के छिड़काव से बचें, मिट्टी और पानी की जांच कर अपनाएं जिप्सम, जैविक खाद और वैज्ञानिक पोषण प्रबंधन

KJ Staff
18 November 2026, 09:00 AM
आम की पत्तियों का झुलसना सिर्फ बीमारी नहीं, मिट्टी की बिगड़ती सेहत का संकेत! लवणता बढ़ने से बागवानों की बढ़ सकती है परेशानी
आम की पत्तियों का झुलसना सिर्फ बीमारी नहीं, मिट्टी की बिगड़ती सेहत का संकेत! लवणता बढ़ने से बागवानों की बढ़ सकती है परेशानी

आम के पेड़ों की पत्तियां यदि किनारों और सिरों से सूखकर झुलस रही हैं, तो इसे सामान्य फफूंदजनित रोग समझकर नजरअंदाज करना बागवानों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। दरअसल, पत्तियों का इस तरह सूखना मिट्टी की बिगड़ती सेहत, बढ़ती लवणता और पोषक तत्वों के असंतुलन का संकेत भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में किसान अक्सर महंगे फफूंदनाशकों का छिड़काव करते हैं, जबकि समस्या की वास्तविक वजह मिट्टी और सिंचाई जल की गुणवत्ता में छिपी हो सकती है।

इस गंभीर समस्या को लेकर प्रोफेसर (डॉ.) एस.के. सिंह, पोस्ट ग्रेजुएट डिपार्टमेंट ऑफ प्लांट पैथोलॉजी एवं नेमेटोलॉजी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, समस्तीपुर तथा पूर्व सह निदेशक अनुसंधान एवं पूर्व प्रधान अन्वेषक (अखिल भारतीय फल अनुसंधान परियोजना) ने बागवानों को वैज्ञानिक प्रबंधन अपनाने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि आम की पत्तियों के किनारों और सिरों का सूखना कृषि विज्ञान में 'लीफ टिपबर्न' (Leaf Tipburn) या 'लीफ स्कॉर्च' (Leaf Scorch) कहलाता है। यह समस्या मुख्य रूप से मिट्टी में लवणता बढ़ने और पोषक तत्वों के असंतुलन से जुड़ी होती है।

मिट्टी में नमक की अधिकता बनती है पौधों के लिए संकट

डॉ. सिंह के अनुसार, मिट्टी में विशेष रूप से सोडियम क्लोराइड जैसे घुलनशील लवणों का अत्यधिक जमाव आम के पेड़ों को दो तरह से नुकसान पहुंचाता है। पहला, परासरणी तनाव (Osmotic Stress), जिसमें मिट्टी में नमक की मात्रा बढ़ने से जड़ें पर्याप्त नमी होने के बावजूद पानी का अवशोषण नहीं कर पातीं। इसे शारीरिक सूखा (Physiological Drought) कहा जाता है।

दूसरा, आयनिक विषाक्तता (Specific Ion Toxicity) है। इसमें सोडियम और क्लोराइड आयन जड़ों के माध्यम से पौधे में प्रवेश कर पत्तियों के किनारों और सिरों तक पहुंचते हैं। इनकी मात्रा विषाक्त स्तर तक पहुंचने पर पत्तियों की कोशिकाएं क्षतिग्रस्त होने लगती हैं और पत्तियां जली हुई दिखाई देने लगती हैं। मिट्टी में घुलनशील लवणों की विद्युत चालकता (EC) 2.0 dS/m से अधिक होने पर यह समस्या बढ़ सकती है।

पत्तियों के इन लक्षणों से करें समस्या की पहचान

आम के बागवान कुछ प्रमुख लक्षणों के आधार पर लीफ टिपबर्न की पहचान कर सकते हैं। इसकी शुरुआत सामान्यतः पुरानी और परिपक्व पत्तियों के नुकीले सिरों से होती है। शुरुआत में हल्का भूरापन और सूखापन दिखाई देता है। धीरे-धीरे यह दोनों किनारों तक फैलने लगता है। झुलसे हुए हिस्से और हरे भाग के बीच अक्सर पीली रेखा भी दिखाई देती है।

गंभीर स्थिति में पत्तियां पूरी तरह पीली होकर समय से पहले गिरने लगती हैं। नई पत्तियों और कल्लों का विकास प्रभावित होता है तथा निकलने वाली पत्तियां छोटी और विकृत रह सकती हैं। इससे पेड़ों की बढ़वार और भोजन निर्माण की प्रक्रिया प्रभावित होती है।

रासायनिक खाद से लेकर खारे पानी तक, ये हैं प्रमुख कारण

वैज्ञानिक के अनुसार, आम के बागों में लीफ टिपबर्न की समस्या के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। यूरिया, डीएपी और विशेष रूप से म्यूरेट ऑफ पोटाश (MOP) का लगातार एवं अत्यधिक इस्तेमाल मिट्टी में लवणों का असंतुलन बढ़ा सकता है।

इसके अलावा अधिक TDS वाले भूजल या खारे पानी से सिंचाई करने पर जड़ों के आसपास लवण जमा होने लगते हैं। लंबे अंतराल के बाद अचानक भारी सिंचाई करने से मिट्टी की नमी में उतार-चढ़ाव भी पौधों का तनाव बढ़ाता है।

खराब जल निकासी वाली चिकनी या सख्त मिट्टी में पानी के वाष्पीकरण के बाद लवण ऊपरी सतह पर जमा हो सकते हैं। वहीं, सोडियम की अधिकता के कारण पौधे पोटेशियम, मैग्नीशियम और कैल्शियम जैसे आवश्यक पोषक तत्वों का पर्याप्त अवशोषण नहीं कर पाते। विशेष रूप से पोटेशियम और मैग्नीशियम की कमी पत्तियों के झुलसने की समस्या को और गंभीर बना सकती है।

जिप्सम के इस्तेमाल से सुधर सकती है मिट्टी की सेहत

इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए केवल पत्तियों पर छिड़काव करना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए मिट्टी के भौतिक, रासायनिक और जैविक गुणों में सुधार जरूरी है।

डॉ. सिंह ने क्षारीय एवं सोडियम प्रभावित मिट्टी में जिप्सम (कैल्शियम सल्फेट) के इस्तेमाल को प्रभावी उपाय बताया है। जिप्सम में मौजूद कैल्शियम मिट्टी के कणों से जुड़े हानिकारक सोडियम को विस्थापित करने में मदद करता है। इसके बाद सिंचाई के पानी के माध्यम से इन लवणों को जड़ क्षेत्र से बाहर निकाला जा सकता है।

मृदा परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर 50 से 100 किलोग्राम प्रति एकड़ की दर से बारीक पिसा हुआ जिप्सम पेड़ों के थालों में मिलाकर हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है।

जैविक खाद और हरी खाद से बढ़ाएं मिट्टी की उर्वरता

मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रत्येक वर्ष 8 से 10 टन प्रति हेक्टेयर की दर से अच्छी तरह सड़ी गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट का उपयोग करना चाहिए। इसके साथ ह्यूमिक एसिड, सीवीड एक्सट्रैक्ट तथा ट्राइकोडर्मा विरिडी, स्यूडोमोनास फ्लोरोसेंस और माइकोराइजा जैसे लाभकारी सूक्ष्मजीवों का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।

बागों में हरी खाद की तकनीक अपनाना भी उपयोगी है। इसके लिए मानसून की शुरुआत में खाली जगहों पर सनई, ढैंचा, मूंग या लोबिया की बुवाई करें। जब फसल में लगभग 50 प्रतिशत फूल आ जाएं, तब उसे रोटावेटर या हैरो की मदद से मिट्टी में मिला दें। लगातार चार से पांच वर्षों तक इस प्रक्रिया को अपनाने से मिट्टी की संरचना, जैविक कार्बन और उर्वरता में सुधार हो सकता है।

MOP की जगह SOP के इस्तेमाल की सलाह

लवण प्रभावित क्षेत्रों में आम के बागों में म्यूरेट ऑफ पोटाश (MOP) के स्थान पर सल्फेट ऑफ पोटाश (SOP) के इस्तेमाल की सलाह दी गई है। SOP क्लोराइड मुक्त होता है, इसलिए क्लोराइड से जुड़ी समस्या वाले क्षेत्रों में इसे प्राथमिकता दी जा सकती है।

इसके अलावा पत्तियों में झुलसन के लक्षण दिखाई देने पर पोटेशियम सल्फेट (00:00:50) का 1.5 से 2 प्रतिशत घोल यानी 15 से 20 ग्राम प्रति लीटर पानी तथा मैग्नीशियम सल्फेट का 0.5 से 1 प्रतिशत घोल यानी 5 से 10 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से अलग-अलग छिड़काव करने की सलाह दी गई है। इनका छिड़काव 10 से 15 दिनों के अंतराल पर दो से तीन बार किया जा सकता है।

ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग से नियंत्रित करें नमी

आम के बागों में नमी का संतुलन बनाए रखने के लिए ड्रिप यानी टपक सिंचाई अपनाना उपयोगी हो सकता है। इससे जड़ क्षेत्र में लगातार हल्की नमी बनी रहती है और लवणों के जमाव को नियंत्रित करने में मदद मिलती है।

इसके साथ पेड़ों के थालों में सूखी पत्तियां, पुआल या अन्य जैविक पलवार बिछाने से मिट्टी में नमी संरक्षित रहती है और वाष्पीकरण कम होता है। वहीं, बाग में जलभराव रोकने के लिए उचित ढलान वाली जल निकासी नालियां बनाना जरूरी है। यदि मिट्टी में लवणता अधिक है, तो अच्छी गुणवत्ता वाले मीठे पानी से वैज्ञानिक तरीके से गहरी सिंचाई (Leaching) कर घुलनशील लवणों को जड़ क्षेत्र से नीचे पहुंचाया जा सकता है।

बागवान पहले कराएं मिट्टी और पानी की जांच

डॉ. एस.के. सिंह के अनुसार, आम की पत्तियों का झुलसना केवल ऊपर दिखाई देने वाली समस्या नहीं है, बल्कि यह मिट्टी के स्वास्थ्य में आ रहे बदलावों की चेतावनी भी हो सकती है। इसलिए किसान बिना कारण जाने महंगे फफूंदनाशकों का इस्तेमाल करने के बजाय नियमित रूप से मिट्टी और सिंचाई जल की जांच कराएं।

मृदा परीक्षण के आधार पर जिप्सम, जैविक खाद, क्लोराइड मुक्त उर्वरकों और सूक्ष्म सिंचाई जैसी वैज्ञानिक पद्धतियां अपनाने से आम के बागों की सेहत सुधारने में मदद मिल सकती है। इससे पेड़ों की बढ़वार, फल उत्पादन और गुणवत्ता को सुरक्षित रखने के साथ बागवानों को संभावित आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकता है।

This report/article/press release is prepared with inputs from Dr. S.K. Singh (RPCAU). Bihar Krishi Jagran holds no responsibility for its content.

Share your comments

Link copied to clipboard!