मोतिहारी: जब न्याय मांगने 'पुलिस थाने' पहुंची बेजुबान भैंस, मालिक ने अपने ही बेटे-बहू पर लगाया जानलेवा हमले का आरोप
बिहार के मोतिहारी में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां जमीन विवाद की सनक में अपनों ने बेजुबान पर लाठियां बरसाईं। अब इंसाफ के लिए बुजुर्ग मालिक अपनी भैंस को लेकर ही थाने की चौखट पर पहुंच गया।
बिहार के मोतिहारी जिले में पुलिस उस वक्त हैरत में पड़ गई, जब थाने के दरवाजे पर एक फरियादी के रूप में बेजुबान भैंस खड़ी नजर आई। मामला कोटवा थाना क्षेत्र का है, जहां एक बुजुर्ग अपनी भैंस के साथ न्याय की गुहार लगाने पहुंचे। बुजुर्ग का आरोप है कि उनके ही बेटों और बहुओं ने इस बेजुबान जानवर पर जानलेवा हमला किया है।
घटना कोटवा थाना क्षेत्र के कजिया गांव की है। यहां के निवासी रामाधार सैनी अपनी काली भैंस के साथ जब थाने की चौखट पर पहुंचे, तो पुलिसकर्मी भी दंग रह गए। रामाधार ने आरोप लगाया कि घर के ही कुछ सदस्यों ने भैंस की बेरहमी से पिटाई की है। पीड़ित बुजुर्ग का कहना है कि संपत्ति के विवाद में बेजुबान जानवर को निशाना बनाया गया और उसे लाठियों से इस कदर पीटा गया कि उसकी जान पर बन आई।
दरअसल, इस पूरे मामले की जड़ गहरा जमीन विवाद है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रामाधार सैनी के कुल छह बेटे हैं। विवाद की मुख्य वजह यह है कि बुजुर्ग ने अपनी जमीन किसी एक ही बेटे के नाम रजिस्ट्री कर दी है, जिससे बाकी चार बेटे और उनकी पत्नियां नाराज चल रही हैं। इसी आपसी रंजिश का बदला बेजुबान जानवर से लेने का प्रयास किया गया। हालांकि, आरोपी बेटों का पक्ष है कि यह महज फंसाने की साजिश है और असल मुद्दा जमीन की रजिस्ट्री है।
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने इस अजीबोगरीब मामले पर बताया कि यह पिता और पुत्रों के बीच का आपसी संपत्ति विवाद है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल वेटनरी टीम को बुलाकर भैंस की मेडिकल जांच कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पशु क्रूरता समेत अन्य धाराओं के तहत दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, थाने के बाहर खड़ी यह फरियादी भैंस पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।