वैज्ञानिक बकरी पालन से सशक्त होंगी ग्रामीण महिलाएं, पटना में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुरू

बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय और हेइफर इंटरनेशनल की नई पहल; उन्नत नस्ल, वैज्ञानिक तकनीक और सरकारी अनुदान से पशुपालकों की आय बढ़ाने का रोडमैप तैयार।

KJ Staff
04 November 2026, 08:00 AM
वैज्ञानिक बकरी पालन से सशक्त होंगी ग्रामीण महिलाएं, पटना में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुरू
वैज्ञानिक बकरी पालन से सशक्त होंगी ग्रामीण महिलाएं, पटना में पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शुरू

बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (बीएएसयू), पटना के निदेशालय प्रसार शिक्षा द्वारा हेइफर इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को पांच दिवसीय 'वैज्ञानिक बकरी पालन' प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कुलपति डॉ. इंद्रजीत सिंह ने इस विशेष सत्र का उद्घाटन करते हुए ग्रामीण महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और पशुपालन को एक लाभप्रद व्यवसाय में बदलने पर जोर दिया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय और हेइफर इंटरनेशनल के बीच हुए एम.ओ.यु. (MoU) के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कम्युनिटी एग्रो-वेट एंटरप्रेन्योर्स (CAVEs) और महिला पशुपालकों को विशेष रूप से शामिल किया गया है।

कुलपति डॉ. सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल प्रशिक्षण प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सीखे गए वैज्ञानिक ज्ञान को धरातल पर उतारना अनिवार्य है। उन्होंने एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय महिला पशुपालकों से ही उन्नत नस्ल की बकरियां खरीदकर एक 'उत्कृष्ट बकरी झुंड' विकसित करेगा। भविष्य में इन्हीं बकरियों को अनुदान और रियायती दरों पर पुनः पशुपालकों को उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नस्ल सुधार के साथ-साथ उनकी आर्थिक मजबूती सुनिश्चित होगी। उन्होंने पशुओं के प्राथमिक उपचार, परजीवी नियंत्रण और कृत्रिम गर्भाधान की बारीकियों को सीखने पर विशेष बल दिया।

निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. निर्मल सिंह दहिया ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि पारंपरिक पद्धतियों के स्थान पर वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाए बिना अपेक्षित विकास संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान स्वास्थ्य प्रबंधन, समयबद्ध टीकाकरण, और बाढ़ या जलजमाव जैसी विषम परिस्थितियों में पशुओं के रखरखाव की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही, पशुपालकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और मिलने वाले अनुदानों से भी अवगत कराया जाएगा ताकि वे अपनी आय को व्यवस्थित रूप से बढ़ा सकें।

विश्वविद्यालय और हेइफर इंटरनेशनल के इस साझा सहयोग के माध्यम से फरवरी माह तक कुल पांच प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें से चार कार्यक्रम वैज्ञानिक पशुपालन पद्धतियों पर और एक विशेष सत्र कृत्रिम गर्भाधान की बारीकियों पर केंद्रित होगा। उद्घाटन अवसर पर हेइफर इंटरनेशनल के डॉ. मनीष राय, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. वाई. एस. जादौन, प्रशिक्षक डॉ. कौशलेन्द्र कुमार, डॉ. भावना और डॉ. गार्गी महापात्रा सहित कई विशेषज्ञ और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share your comments

Link copied to clipboard!