बिहार के सभी 534 प्रखंडों में 16 लाख किसानों तक पहुंचने का मेगा प्लान तैयार; स्कूलों में खुलेंगी मिट्टी जांच लैब और ₹270 में यूरिया की उपलब्धता पर सरकार की बड़ी पहल।
बिहार के सभी 534 प्रखंडों में 16 लाख किसानों तक पहुंचने का मेगा प्लान तैयार; स्कूलों में खुलेंगी मिट्टी जांच लैब और ₹270 में यूरिया की उपलब्धता पर सरकार की बड़ी पहल।
बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राज्य में कृषि और किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए एक नई क्रांति का आह्वान किया है। सारण जिले में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जन कल्याण संवाद’ के दौरान उन्होंने मिट्टी की उर्वरता और प्राकृतिक खेती को राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। इस अवसर पर उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि यदि मिट्टी स्वस्थ होगी, तभी खेत बचेंगे और समाज समृद्ध होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने मिट्टी की सेहत को सीधे परिवार के स्वास्थ्य से जोड़ते हुए कहा, “जिस मिट्टी में हम अन्न उपजाते हैं, यदि वही पोषक तत्वों से भरपूर होगी, तभी हमें शुद्ध और पौष्टिक भोजन मिलेगा। मिट्टी बचेगी, तभी हमारी थाली सजेगी और खेत बचेंगे, तभी ग्रामीण जीवन में खुशहाली आएगी।” उन्होंने इस अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर इसे एक जन आंदोलन का स्वरूप देने की अपील की। कार्यक्रम में सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक छोटी कुमारी, जनक सिंह और कई अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने भी किसानों के हितों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कृषि मंत्री ने शिक्षा और कृषि के संगम पर जोर देते हुए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी हाई स्कूलों में मिट्टी जांच प्रयोगशाला स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार के 38 जिलों के 629 पीएम श्री एवं राजकीय विद्यालयों में मिनी मिट्टी जांच लैब खोली जाएंगी। इससे न केवल विद्यार्थियों में वैज्ञानिक समझ विकसित होगी, बल्कि वे अपने क्षेत्र की मिट्टी के संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे। वर्तमान में 160 स्कूलों में यह सुविधा पहले ही शुरू की जा चुकी है।
अभियान की सफलता के आंकड़ों को साझा करते हुए श्री सिन्हा ने बताया कि खरीफ मौसम के दौरान प्रदेश भर में आयोजित 7,275 किसान बैठकों में 6 लाख से अधिक किसानों ने हिस्सा लिया, जिनमें 2 लाख से अधिक महिला किसान शामिल रहीं। अब आगामी रबी मौसम के लिए सरकार ने और भी बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। राज्य के सभी 534 प्रखंडों की पंचायतों में विशेष शिविर लगाकर करीब 15 से 16 लाख किसानों तक सीधे पहुंचने की योजना है।
संवाद कार्यक्रम के दौरान किसानों ने ₹270 में यूरिया की सुलभ उपलब्धता के लिए सरकार की सराहना की। मंत्री ने बीज, कीटनाशक और आधुनिक कृषि यंत्रों सहित 19 महत्वपूर्ण विषयों पर किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम के अंत में कृषि मंत्री ने विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जहां आधुनिक कृषि तकनीकों और प्राकृतिक खेती के नवाचारों का प्रदर्शन किया गया था।